जिले के नक्सल प्रभावित 100 ग्रामों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों के तहत कृषि विभाग द्वारा किसानों को उन्नत कृषि गतिविधियों से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसी कड़ी में विकासखंड बिरसा के ग्राम सोनपुरी में किसानों की मांग एवं आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए वैल्यू चेन पार्टनर ऑयलसीड मिशन के अंतर्गत कृषकों को सरसों बीज का निःशुल्क वितरण किया गया।
उपसंचालक कृषि श्री फूल सिंह मालवीय के निर्देशानुसार तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, विकासखंड बिरसा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैहर श्री अनिकेत शांडिल्य, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं ग्राम पंचायत की सरपंच की उपस्थिति में किसानों को सरसों बीज वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य नक्सल प्रभावित क्षेत्र के किसानों को परंपरागत फसलों के साथ तिलहन फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना तथा फसल विविधीकरण को बढ़ावा देना है। सरसों की खेती से किसानों को अतिरिक्त आय का अवसर मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।
कृषि विभाग, विकासखंड बिरसा द्वारा इस पहल के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों एवं नई फसलों की खेती से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि नक्सल प्रभावित ग्रामों में कृषि आधारित आजीविका के नए अवसर विकसित हों और ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।





