मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले शिविर के क्रम में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह नागेश ने शुक्रवार को करेली तहसील के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने मिढ़ली स्थित शांतिधाम, माध्यमिक शाला एवं आंगनवाड़ी केंद्र तथा पलोहा छोटा में शासकीय उचित मूल्य दुकान एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं एवं संचालित गतिविधियों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मिढ़ली माध्यमिक शाला में विद्यार्थियों से किया संवाद

कलेक्टर ने मिढ़ली स्थित माध्यमिक शाला का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कक्षा छठवीं, सातवीं एवं आठवीं के विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अध्ययन एवं शिक्षण कार्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों से आज पढ़ाए जा रहे विषय के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि विज्ञान विषय का अध्यापन कराया जा रहा है।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विज्ञान एवं ‘संतुलित आहार’ अध्याय से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी समझ का जायजा लिया तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों से अंग्रेजी विषय में निबंध एवं एप्लीकेशन लेखन के संबंध में भी जानकारी ली।

क्षतिग्रस्त कक्ष की मरम्मत के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय भवन के एक क्षतिग्रस्त कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि मरम्मत के बाद कक्ष का उपयोग कक्षा संचालन के लिए किया जा सके। उन्होंने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं एवं स्वच्छता का भी जायजा लिया तथा आवश्यक रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र एक ही परिसर में संचालित हो रहे हैं। उन्होंने परिसर में तैयार किए जा रहे मध्यान्ह भोजन की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

कलेक्टर ने मिढ़ली स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने सुपरवाइजर एवं एएनएम से बच्चों की संख्या, पोषण आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। बताया गया कि केंद्र में 12 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें से 4 बच्चे मध्यम तीव्र कुपोषित है। अभिभावक से बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराएं। यह केंद्र मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में संचालित हो रहा है और यहां आवश्यक व्यवस्थाएं अच्छी पाई गईं।

राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की जानकारी भी ली। एएनएम द्वारा बताया गया कि 22 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई है, जिनमें 8 महिलाएं हाई रिस्क श्रेणी में हैं। कलेक्टर ने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकता होने पर समय पर उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर करने के निर्देश भी दिए।

पलोहा छोटा में राशन दुकान का निरीक्षण

इसके बाद कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने पलोहा छोटा में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत हितग्राहियों को वितरित की जाने वाली राशन सामग्री की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न का जायजा लेते हुए हितग्राहियों को वितरित किए जा रहे राशन की मात्रा एवं वितरण प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उन्हें बताया गया कि अगस्त माह तक का राशन सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से हितग्राहियों को वितरित किया जा चुका है। उन्होंने मध्यान्ह भोजन के लिए राशन वितरण तथा टेक होम राशन (टीएचआर) की उपलब्धता एवं वितरण की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में समय पर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी चर्चा कर राशन समय पर एवं निर्धारित मात्रा में मिलने के संबंध में जानकारी ली।

पलोहा छोटा आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों से किया संवाद

कलेक्टर ने पलोहा छोटा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में भोजन कर रहे बच्चों से आत्मीयता से बातचीत की तथा उनके भोजन एवं पोषण की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से संवाद कर आंगनवाड़ी केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान कलेक्टर ने करीब चार माह के बच्चे को गोद में लेकर दुलार किया और उपस्थित महिलाओं से बच्चों के पोषण एवं देखभाल के संबंध में चर्चा की।

सोख्ता गड्ढे को गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परिसर में बनाए गए सोख्ता गड्ढे का भी जायजा लिया। सोख्ता गड्ढा निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसे तकनीकी मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से तैयार कराने के निर्देश दिए।

मिढ़ली शांतिधाम में किया पौधारोपण

करेली तहसील के भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह नागेश ने मिढ़ली स्थित शांतिधाम परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने अमरूद के फलदार पौधे लगाए तथा पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शांतिधाम परिसर में पौधारोपण इस प्रकार किया जाए, जिससे आने वाले समय में पर्याप्त छाया विकसित हो सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बैठने वाले स्थानों के आसपास छायादार पौधों का रोपण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को धूप में बैठने की असुविधा न हो और परिसर में आने वाले लोगों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सके।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं एवं आवश्यकताएं उनके समक्ष रखीं। कलेक्टर ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को निराकरण योग्य आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्राम पंचायत मिढ़ली को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए उपलब्ध कराए गए स्वच्छता वाहन का उल्लेख करते हुए ग्रामवासियों से स्वच्छता में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि घरों से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर न फेंकें तथा निर्धारित स्थान पर ही कचरे का निष्पादन करें। सामूहिक प्रयासों से ग्राम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।

इस दौरान एसडीएम श्री महेन्द्र पटेल, जनपद पंचायत सीईओ, जिला अधिकारी, विकासखंड स्तरीय मैदानी अमला एवं स्थानीयजन मौजूद थे।