भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर 14 नवंबर को गैरिसन ग्राउंड में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्टर सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था और तकनीकी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। विद्युत एवं अन्य तकनीकी टीम आयोजन से पहले सभी तारों और कनेक्शनों की जांच कर लें, ताकि कहीं भी खुले या ढीले तार न रहें। संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं के प्रमाण पत्र भी प्राप्त किए जाएं।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रहे।दूसरे जिलों से आने वाली बसों के यात्रियों की सुविधा के लिए रूट में पड़ने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी अलर्ट मोड पर रखा जाए। बसों के लिए फर्स्ट एड की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
पार्किंग के लिए तैयार होगा जिलेवार नक्शा
कार्यक्रम में दूसरे जिलों से बड़ी संख्या में बसों के आने की संभावना को देखते हुए कलेक्टर ने यातायात, आरटीओ, नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। प्रत्येक जिले की बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि सभी पार्किंग स्थलों और संबंधित रूट का नक्शा तैयार कर संबंधित जिलों को पहले से भेजा जाए, ताकि बसों को निर्धारित स्थान तक पहुंचने में परेशानी न हो। पार्किंग व्यवस्था टीम भी तैनात रहेगी।
खराब वाहनों को तत्काल हटाने क्रेन की व्यवस्था
लंबे रूटों पर बसों और अन्य वाहनों के खराब होने की स्थिति में तत्काल उन्हें हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। शहर के प्रमुख चौराहों, पुलियों और बॉटलनेक वाले मार्गों को चिह्नित कर वहां जरूरत के अनुसार क्रेन तैनात की जाएगी, ताकि यातायात बाधित न हो। आरटीओ को बसों के संचालन और समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई।
पेयजल, चलित शौचालय और साफ-सफाई पर भी जोर
कलेक्टर ने नगर निगम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम के अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में चलित शौचालय लगाए जाएंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद गैरिसन ग्राउंड की साफ-सफाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंच, डोम, पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं की अभी से निगरानी शुरू कर दें। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कलेक्टर सहित अधिकारियों द्वारा आज शाम लगभग 6:30 से 7 बजे के बीच कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। वहीं, कल शुक्रवार को लगभग शाम 4 बजे गैरिसन ग्राउंड में विस्तृत बैठक आयोजित कर सभी विभागों के अधिकारी अपने अधीनस्थ अमले के साथ उपस्थित रहेंगे और मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।




