कटनी (12 अक्‍टूबर) - खेत में खिले गेंदे के फूल सिर्फ रंग और खुशबू ही नहीं बिखेर रहे थे, बल्कि किसान श्री अक्षय दुबे के लिए अतिरिक्त आमदनी की नई उम्मीद भी लेकर आए। विकासखंड बड़वारा के कृषक अक्षय दुबे ने परंपरागत खेती के साथ उद्यानिकी फसलों को अपनाते हुए गेंदे की खेती की और विगत वर्ष इससे करीब 50 से 60 हजार रूपये तक का शुद्ध लाभ अर्जित किया। प्रयोग किया और परिणाम भी मिलाकृषक श्री दुबे ने मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर (MIDH) के अंतर्गत पुष्प एवं गेंदे की खेती को अपनाया। कम क्षेत्रफल में की गई इस खेती से प्राप्त लाभ ने उन्हें यह विश्वास दिलाया कि खेती में फसल विविधीकरण के जरिए आमदनी के नए अवसर बनाए जा सकते हैं। उनके लिए यह केवल एक फसल का उत्पादन नहीं, बल्कि खेती को देखने के नजरिए में बदलाव का अनुभव रहा। अब दूसरों को भी कर रहे प्रेरितउद्यानिकी फसलों से मिले आर्थिक लाभ के बाद अब अक्षय अन्य किसानों को भी ऐसी फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। अक्षय दुबे का कहना है कि किसान अपनी पारंपरिक फसलों के साथ बाजार की मांग वाली उद्यानिकी फसलों को भी अपनाएं, तो कम भूमि में अतिरिक्त आय प्राप्त करने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं। इसी सोच के साथ वे अपने क्षेत्र के किसानों को उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की जानकारी लेने और पुष्प सहित अन्य लाभकारी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। योजनाओं ने दिया नई दिशा में आगे बढ़ने का अवसरकृषक श्री अक्षय दुबे ने उद्यानिकी फसलों को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं से किसानों को पारंपरिक खेती के साथ नई कृषि गतिविधियां अपनाने और अपनी आय बढ़ाने के अवसर मिल रहे हैं।