प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गरीब परिवारों के सदस्यों का निशुल्क इलाज देश के बड़े-बड़े अस्पतालों में करवाने की सुविधा दिलाने के लिए "आयुष्मान भारत योजना" प्रारंभ की है। यह योजना देश के लाखों परिवारों के लिए जीवनदायिनी "संजीवनी" सिद्ध हो रही है। खंडवा जिले के छैगांवमाखन निवासी श्री राहुल की 8 माह की बेटी निकिता जन्म से ही हृदय रोग से पीड़ित थी। आयुष्मान भारत योजना की मदद से मुंबई के बड़े अस्पताल में उसका निशुल्क इलाज हुआ। निकिता अब पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर आ गई है। राहुल कहते हैं कि "आयुष्मान योजना" की मदद से *यह दिवाली उनके लिए विशेष "खुशियों वाली दिवाली"* सिद्ध हुई है।
राहुल ने बताया कि उसकी बेटी निकिता जन्म से ही बीमार रहती थी। इलाज के लिए माता-पिता इधर-उधर भटक रहे थे। इसी दौरान एक दिन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम जांच के लिए गांव पहुंची। टीम ने निकिता की जांच कर हृदय रोग की आशंका जताते हुए जिला चिकित्सालय खंडवा में जांच करवाने की सलाह दी, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने निकिता को गंभीर हृदय रोग होना बताया। इसके बाद निकिता को इंदौर के अस्पतालों में भी दिखाया, तो निकिता की स्थिति क्रिटिकल पाए जाने से वहां के डॉक्टर्स ने मुंबई में ही उपचार कराने की सलाह दी।
निकिता के पिता राहुल बताते हैं कि उनकी आर्थिक स्थिति तो वह खंडवा के प्राइवेट अस्पतालों में इलाज करवाने लायक भी नहीं थी। ऐसे में मुंबई में इलाज करवाना उनके लिए सपने जैसा था। लेकिन "आयुष्मान भारत योजना" की मदद से उनका यह सपना साकार हुआ। निकिता का केस मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ओपी जुगतावत ने आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वीकृत कर मुंबई के एसआरसीसी चिल्ड्रन हॉस्पिटल भेजा। मुंबई में पीडियाट्रिक सर्जन डॉ. सुप्रतिम सेन ने निकिता के हृदय की निःशुल्क सफल सर्जरी की। इस सर्जरी में लगभग दो से ढाई लाख रुपये का खर्चा था, लेकिन आयुष्मान कार्ड होने से इलाज में राहुल का एक भी रुपया खर्च नहीं हुआ। मुंबई में निकिता का इलाज पूर्णतः निशुल्क हो गया।
निकिता के पिता राहुल ने बताया कि मुंबई के ऑपरेशन के बाद निकिता अब पूरी तरह स्वस्थ है, और उसके स्वस्थ होने से परिवार में अब खुशी का माहौल है। निकिता के माता-पिता कहते हैं कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई "आयुष्मान भारत योजना" की मदद से ही निकिता को नया जीवन मिला है। इसके लिए वे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं स्वास्थ्य विभाग का बार-बार आभार प्रकट करते हैं।




