उमरिया 11 नवंबर। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटन नियमांे का पालन किया जाता है और कोर पर्यटन जोन में मोबाइल फोन का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित हैं। बांधवगढ टाईगर रिजर्व में पर्यटन नियमों के उल्लंघन, मोबाइल फोन के उपयोग तथा चुनिंदा गाइडों को लाभ पहुंचाने संबंधी खबर समाचार पत्र में प्रकाशित होने पर पार्क प्रबंधन ने खंडन किया है। फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने बताया कि प्रबंधन के अनुसार पार्क में सभी गाइडों को समान अवसर प्रदान किए जाते हैं तथा निर्धारित रोस्टर प्रणाली के तहत ही उन्हें पर्यटकों के साथ प्रवेश दिया जाता है। विशेष परिस्थितियों में पर्यटकों की मांग पर रोस्टर से अलग गाइड भेजे जाने की स्थिति में भी रोस्टर के अनुसार संबंधित गाइड का भुगतान सुनिश्चित करने के बाद ही दूसरे गाइड को भेजा जाता है। इस प्रकार गाइडों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव नहीं किया जाता। मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर प्रबंधन ने बताया कि माननीय सर्वाेच्च न्यायालय के 17 नवंबर 2025 के आदेश एवं वरिष्ठ कार्यालय के निर्देशों के अनुसार कोर पर्यटन जोन में मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पर्यटन जिप्सी में मोबाइल रखने हेतु बॉक्स उपलब्ध कराया गया है। कोर जोन में प्रवेश से पहले पर्यटकों के मोबाइल सुरक्षित रखवा लिए जाते हैं। गाइडों एवं क्षेत्रीय कर्मचारियों को भी इस व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में मोबाइल के माध्यम से बाघों की साइटिंग कराने संबंधी आरोप निराधार हैं। वहीं, जिप्सी क्रमांक 091 ( आर -91) द्वारा निर्धारित मार्ग से हटकर ऑफरोडिंग किए जाने के मामले में प्रबंधन ने बताया कि घटना का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई की गई है। गत 9 नवंबर को पनपथा बफर जोन में निर्धारित मार्ग से हटने के मामले में वाहन चालक सुयस केशरी ( आर-91) एवं गाइड निखिल सिंह (आर-54) को स्पष्टीकरण जारी किया गया है। दोनों को 24 घंटे में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने अथवा संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर नियमानुसार एकतरफा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पार्क प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में पर्यटन नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाती है।