सहरिया विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं कैबीनेट मंत्री दर्जा श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी ने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायक थे, आजादी के आंदोलन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होने न केवल अंग्रेजी शासन के खिलाफ आंदोलन शुरू किया, बल्कि आदिवासी समाज को जागरूक करने का कार्य भी किया। उन्होने शिक्षा को समाज की प्रगति का सबसे महत्वपूर्ण साधन माना, भगवान बिरसा मुण्डा ने उलगुलान आंदोलन के माध्यम से जनजातीय समुदाय को जल जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए एकजुट किया। उनका यह संघर्ष भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का एक महत्वपूर्ण अध्याय है। वे आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती के अवसर पर आदिवासी विकासखण्ड कराहल के ग्राम ढेंगदा स्थित शासकीय आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थी।

इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी बाई आदिवासी, सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शशांक भूषण, पूर्व विधायक श्री दुर्गालाल विजय, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री महावीर सिंह सिसौदिया, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र जाट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री नीरज जाट, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री मोहर सिंह, महामंत्री श्री रामजीलाल, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष श्री संजय मंगल, भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री मोनू सोनी, ढेंगदा की सरपंच श्रीमती राबूदी आदिवासी मंचासीन रहे। कार्यक्रम की शुरूआत भगवान बिरसा मुण्डा की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन के साथ हुई।

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के उद्बोधन का महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सीधा प्रसारण संपन्न हुआ। इसके साथ ही महामहिम राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल की गरिमामयी उपस्थिति तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में धार जिले के डही में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ।

जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान माता शबरी आदिवासी कन्या परिसर ढेंगदा, आदर्श आवासीय विद्यालय ढेंगदा तथा वीरांगना रानी दुर्गावती महाविद्यालयीन कन्या छात्रावास के छात्र-छात्राओं द्वारा जनजातीय लोक संस्कृति पर आधारित लोक नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दी गई। मंचीय कार्यक्रम के समापन अवसर पर सीईओ जनपद श्री अभिषेक त्रिवेदी द्वारा आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के अंत में आदर्श आवासीय विद्यालय ढेंगदा से सांस्कृतिक रैली निकाली गई, जिसमें जनजातीय लोकनृत्यों एवं परम्पराओं से जुडे कलाकारों द्वारा दुलदुल घोडी नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। सांस्कृतिक रैली का शुभारंभ अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। कार्यक्रम के दौरान सहायक आयुक्त श्री राकेश गुप्ता, आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य श्री एमपी पिपरैया, बीईओ कराहल श्री एमपी मौर्य, प्राचार्य श्री अजय रावत सहित अन्य प्राचार्य एवं शिक्षकगण तथा बडी संख्या में जनजातीय समुदाय के सदस्य मौजूद रहें।