पुनासा विकासखंड के ग्राम पंचायत चिकडालिया में जल संरक्षण के लिए तैयार किए गए जल स्रोतों का निरीक्षण कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने शुक्रवार को किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्रामीणों और कर्मचारियों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग की सही तकनीक के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बिना फिल्टर के सीधे पानी को जमीन में नहीं छोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके दो तरीके हैं - पहला, एक गहरा गड्ढा खोदकर उसे 3-4 प्रकार के मटेरियल जैसे बजरी, रेत, जाली आदि से भरना चाहिए ताकि पानी अपने आप फिल्टर हो जाए। इसके अलावा छतों से आने वाले बरसात के पानी को पाइप के माध्यम से बोरवेल में उतारने के बीच में एक फिल्टर लगाएं, जिससे पानी फिल्टर होकर सीधे बोरवेल में जा सके।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्राम पंचायत चिकडालिया में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल स्रोत ट्यूबवेल का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि आसपास के मकानों में रूफटॉप वाटर हार्वेस्टर लगाकर ट्यूबवेल को रिचार्ज किया जाए, ताकि लंबे समय तक पीने का पानी मिलता रहे। इस संबंध में उन्होंने सब इंजीनियर को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ऐश्वर्या वर्मा, एसडीएम श्री पंकज वर्मा, जनपद पंचायत की सीईओ सुश्री शिल्पा चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
