कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री ओपी पाण्डेय के मार्गदर्शन में जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत विभिन्न पोषण जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में पहाड़गढ़ विकासखण्ड के चिन्नोनी चम्बल क्षेत्र में पोषण चर्चा, पोषण प्रदर्शनी एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती रमा सेन एवं अन्तरा फाउंडेशन के कार्यक्रम अधिकारी श्री आरिफ हुसैन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ गर्भवती एवं धात्री माताओं, किशोरियों तथा समुदाय के सदस्यों ने सहभागिता की। पोषण प्रदर्शनी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के पोषण संबंधी लाभ एवं उनके उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जाने वाले टेक होम राशन के महत्व से भी उपस्थितजनों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में पोषण जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान ‘‘पौष्टिक आहार अपनाएं, कुपोषण दूर भगाएं’’ सहित विभिन्न नारों के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने तथा कुपोषण की रोकथाम के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।




