मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत सांची विकासखंड की ग्राम पंचायत गुंदरई में सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी तथा कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया की उपस्थिति में शिविर में आयोजित किया गया। इस दौरान निशुल्क आयुष चिकित्सा शिविर का भी आयोजन हुआ, जिसमें आयुष विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 530 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में यूनानी चिकित्सा पद्धति से 225, आयुर्वेद चिकित्सा से 195 तथा होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति से 110 मरीजों का उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में आयुष चिकित्सकों ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों, उदर रोग, जोड़ों के दर्द, त्वचा रोग सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के संबंध में परामर्श दिया। साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उपाय भी बताए।




