सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खालवा में पिछले दिनों श्रीमती माधुरी पति रितिक प्रसव के लिए भर्ती हुईं। अस्पताल में माधुरी ने बच्चे को जन्म दिया, तो जन्म के बाद बच्चा रोया नहीं। खालवा अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टर ने सलाह दी, कि बच्चे को जिला अस्पताल खंडवा में भर्ती कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार कराएं।
माधुरी अपने परिजनों के साथ नवजात शिशु मधुर को लेकर जिला चिकित्सालय खण्डवा पहुंच गई, जहां एसएनसीयू वार्ड में बच्चे को भर्ती कर डॉक्टर्स व स्टॉफ की सतत निगरानी में उपचार किया गया। एसएनसीयू के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कृष्णा वास्केल ने बताया कि जन्म के बाद बच्चे मधुर के नहीं रोने और झटके आने की वजह से एसएनसीयू में भर्ती किया गया था। बच्चे को सांस लेने में परेशानी आ रही थी जिस कारण एक सप्ताह बच्चें को वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया। उसके बाद एक सप्ताह सीपेप मशीन पर रखा गया। उन्होंने बताया कि बच्चा बहुत ही गंभीर स्थिति में यहा लाया गया था, परन्तु हमारी टीम की नियमित मॉनिटरिंग से बच्चा सभी जटिलताओं से मुक्त होकर अब पूरी तहत स्वस्थ हो गया है। बच्चे के माता पिता एसएनसीयू की व्यवस्थाओं और सुविधाओं से काफी खुश है।
माधुरी और उनके पति रितिक एसएनसीयू में अपने बच्चे के उपचार की बेहतर सुविधाओं के लिए डॉक्टर्स और स्टॉफ का बहुत बहुत धन्यवाद प्रकट करते हैं। रितिक के बताया कि बच्चे की गंभीर स्थिति देखकर हम बहुत घबरा गये थे, परन्तु समय पर बेहतर ईलाज मिल जाने से हमारा बेटा मधुर अब स्वस्थ हो गया है। डॉ. कृष्णा वास्केल ने बताया कि जिला अस्पताल के एसएनसीयू में लगभग 28 दिन तक बच्चे को भर्ती रखा गया तथा पूर्णता स्वस्थ होने पर अब छुट्टी दे दी गई है।




