मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद नरसिंहपुर के अंतर्गत ग्राम बम्हौरी में नवांकुर संस्था सुदर्शन जन कल्याण समिति बम्हौरी के तत्वाधान में नवांकुर सखी शक्ति से सृजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रकृति एवं संस्कृति संरक्षण थीम पर आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पौधा पूजन एवं संवाद के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संवर्धन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पौधा पूजन कर प्रकृति के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई। साथ ही ‘शक्ति से सृजन’ विषय पर आयोजित संवाद में समाज के विकास, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक कार्यों में मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय लोक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को संरक्षित करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री जयनारायण शर्मा, नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री तेजवल सिंह पटेल, उपाध्यक्ष श्री नन्हाजी लोधी, सीएमसीएलडीपी पाठ्यक्रम के परामर्शदाता श्री पुरुषोत्तम विश्वकर्मा एवं श्री अंकित लोधी सहित नवांकुर सखियों और ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रकृति एवं संस्कृति के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा महिलाओं को सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रकृति का संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत का संवर्धन और मातृशक्ति की सहभागिता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के महत्वपूर्ण आधार हैं।

