प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मालवा अंचल के शाजापुर–शुजालपुर क्षेत्र में कृष्णमृग (ब्लैकबक) कैप्चर एवं स्थानांतरण अभियान का द्वितीय चरण जारी है। अभियान के अंतर्गत शुजालपुर तहसील के ग्राम टिटवास में कल शाम 109 तथा आज सुबह 49 कृष्णमृगों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। इस प्रकार ग्राम टिटवास में दोनों चरणों में कुल 158 कृष्णमृगों का रेस्क्यू किया गया है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मानव–वन्यप्राणी द्वंद्व एवं फसलों को होने वाली क्षति को कम करना, प्रभावित ग्रामीण समुदायों को राहत प्रदान करना तथा कृष्णमृगों को सुरक्षित तरीके से उपयुक्त वन्य आवास में स्थानांतरित करना है। अभियान के द्वितीय चरण में कुल 2,000 कृष्णमृगों के स्थानांतरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान में दक्षिण अफ्रीकी विशेषज्ञ संस्था कंजर्वेशन सॉल्यूशंस का तकनीकी सहयोग प्राप्त हो रहा है। साथ ही, पशु चिकित्सकों, वन अधिकारियों एवं मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रशिक्षित मैदानी कर्मचारियों की टीम निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए वन्यजीवों के सुरक्षित रेस्क्यू, हैंडलिंग एवं परिवहन का कार्य कर रही है। अभियान के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
वन विभाग द्वारा जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से अभियान संचालित किया जा रहा है। विभाग ने आमजन से अपील की है कि अभियान के दौरान टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा वन्यजीवों की सुरक्षा और सुचारु संचालन में सहभागी बनें।

