प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल ने सारंगपुर विकासखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बावली में 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण कर इसे ग्रामवासियों को समर्पित किया। इस विद्युत उपकेंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के 11 ग्रामों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके माध्यम से लगभग 800 घरों एवं 700 कृषि पंपों को बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने से किसानों को कृषि कार्यों के लिए बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध होगी, वहीं ग्रामीण परिवारों को भी निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ ग्रामीण जीवन को भी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की तरह बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि सारंगपुर विकासखण्ड क्षेत्र का प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़े और प्रत्येक नागरिक को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिलें, इसी संकल्प के साथ लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। क्षेत्र में विद्युत अधोसंरचना का विस्तार ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



