प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत पोहरी नगर में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। नगर के भुजरिया तालाब सहित हनुमान मंदिर के प्रांगण में दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

भुजरिया तालाब परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री श्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा की गरिमामय उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित किया गया। इसके साथ ही हनुमान मंदिर के प्रांगण में भी दीप जलाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। दोनों स्थानों पर दीपों की रोशनी से वातावरण भक्तिमय और आकर्षक नजर आया।

पूर्व मंत्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता देते हुए देश के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य किया है। जन्मदिवस के अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित करना उनके प्रति सम्मान, शुभेच्छा और मंगलकामनाओं की अभिव्यक्ति है।

दीपों की रोशनी से जगमगाया पोहरी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के दौरान भुजरिया तालाब और हनुमान मंदिर परिसर में जैसे ही दीप प्रज्ज्वलित किए गए, दोनों स्थान दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं लाड़ली बहनों ने भी दीप जलाए।

भुजरिया तालाब का शांत एवं प्राकृतिक वातावरण तथा हनुमान मंदिर का धार्मिक परिवेश दीपों की रोशनी से और भी आकर्षक नजर आया। दीप प्रज्ज्वलन के दौरान उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनकल्याण और राष्ट्रहित की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

जनप्रतिनिधि, अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में एसडीएम श्री जे.पी. गुप्ता, सीएमओ श्री यशवंत वर्मा, श्री आशुतोष जैमिनी, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती रश्मि वर्मा, श्री पप्पू सिठेले, श्री रामेश्वर बैहटा, श्री हरिशंकर धाकड़, श्री केशव धाकड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, नागरिक एवं लाड़ली बहनें उपस्थित रहीं।