उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में रीवा रिवर फ्रंट के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रीवा को रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में देश में प्रथम स्थान प्राप्त होना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। रिवर फ्रंट के शेष कार्यों को पूर्ण कर इसकी उपयोगिता एवं सौंदर्यीकरण को व्यापक स्वरूप दिया जाए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जनहित, नदी की स्वच्छता एवं शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्यवाही एवं विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना का प्राक्कलन एवं डीपीआर तैयार कर कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जा सके। रीवा रिवर फ्रंट के बांये तट पर लगभग 1.6 किलोमीटर क्षेत्र में विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास निगम के अध्यक्ष श्री ओम जैन एवं आयुक्त श्री गौतम सिंह उपस्थित रहे।