सातवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए नरसिंहपुर जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में केंद्रीय जल आयोग भोपाल की टीम ने ग्राम पंचायत कौड़िया पहुंचकर वहां स्थित प्राचीन प्राकृतिक जलस्रोतों (झिरनों) का निरीक्षण किया। टीम ने जल संरचनाओं की स्वच्छता, व्यवस्थित निर्माण एवं बेहतर रखरखाव की सराहना की।

केंद्रीय जल आयोग भोपाल के नर्मदा बेसिन संगठन के उप निदेशक (प्रबोधन एवं मूल्यांकन) श्री महेश कुमार गुप्ता एवं कनिष्ठ अभियंता श्री हिमांशु गर्ग ने ग्राम पंचायत कौड़ियां में प्राकृतिक जलस्रोतों का अवलोकन किया। इस दौरान ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने टीम को बताया कि पंचायत क्षेत्र में कुल 11 झिरने हैं, जिनमें से 6 का वर्तमान में उपयोग किया जा रहा है। ये झिरने लगभग 150 वर्ष से अधिक पुराने हैं और इनकी विशेषता है कि इनमें वर्षभर पानी उपलब्ध रहता है। ग्रामीण इन जलस्रोतों का उपयोग स्नान सहित अन्य दैनिक आवश्यकताओं के लिए करते हैं।

निरीक्षण के दौरान टीम ने झिरनों की संरचनाओं, स्वच्छता एवं रखरखाव का बारीकी से अवलोकन किया। टीम ने इनके बेहतर निर्माण, साफ-सफाई और सुव्यवस्थित रखरखाव की सराहना करते हुए इन्हें प्राकृतिक जलस्रोतों के संरक्षण का अच्छा उदाहरण बताया। ग्राम पंचायत कौड़ियां के ये प्राचीन झिरने पारंपरिक जल संरक्षण व्यवस्था और प्राकृतिक जलस्रोतों के महत्व को दर्शाते हैं। डेढ़ शताब्दी से अधिक समय से इन जलस्रोतों में पानी की निरंतर उपलब्धता स्थानीय जल संरक्षण परंपरा और इनके संरक्षण की उपयोगिता को रेखांकित करती है। उल्लेखनीय है कि सातवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए नरसिंहपुर जिले में 16 से 18 नवंबर 2026 तक केंद्रीय जल आयोग की टीम द्वारा विभिन्न जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया जा रहा है।