’नहरों की साफ-सफाई एवं मरम्मत का कार्य तेज, किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराना प्राथमिकता उमरिया 19 नवंबर। जिले में रबी सीजन के दौरान किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए समय पर पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल संसाधन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस वर्ष जिले में रबी सिंचाई के लिए 9,380 हेक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के निर्देश पर जल संसाधन विभाग व्दारा नहरो की साफ सफाई व मरम्मत का कार्य किया जा रहा हैं। कार्यपालन यंत्री एस.के. ठाकुर ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप धनवाही डायवर्सन सिंचाई योजना सहित जिले की समस्त सिंचाई योजनाओं की नहरों की मरम्मत एवं साफ-सफाई का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि किसानों को सिंचाई के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कार्यपालन यंत्री ने मैदानी अधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारियों, उपयंत्रियों एवं अमीनों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र की नहरों का नियमित निरीक्षण करें तथा जहां भी मरम्मत या साफ-सफाई की आवश्यकता है, वहां कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं। विभाग का मुख्य उद्देश्य रबी फसलों की बोनी एवं सिंचाई के समय किसानों को पर्याप्त जल उपलब्ध कराना है, जिससे सिंचाई व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसानों को फसलों की सिंचाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो।



