प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता। किसी व्यक्ति में देश और समाज के लिए सर्वोच्च त्याग करने का सामर्थ्य उसके संस्कारों, पुण्यों और पूर्वजों की परंपरा से निर्मित होता है। शहीदों की अमरता को कोई मिटा नहीं सकता। उनका बलिदान राष्ट्र की चेतना में सदैव जीवित रहता है। इसलिए यह हम सभी का दायित्व है कि उनकी स्मृतियों को संजोकर रखें और आने वाली पीढ़ी को उनके त्याग, साहस एवं देशभक्ति से परिचित कराएं।

मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल गुरुवार को बोहानी में शहीद श्री आशीष शर्मा की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि एवं विकास कार्यों के भूमिपूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मंत्री श्री पटेल एवं अन्य अतिथियों ने शहीद श्री आशीष शर्मा की स्मृति में पार्क एवं स्टेडियम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। बालाघाट से आए पुलिस अधिकारियों ने मंत्री श्री पटेल सहित अन्य अतिथियों को नक्सल मुक्त स्मृति चिह्न भेंट किए। अतिथियों ने पौधरोपण कर शहीद की स्मृति को नमन किया।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि देश की स्वतंत्रता से लेकर उसकी एकता, अखंडता और सुरक्षा की रक्षा तक, प्रत्येक चुनौती का सामना वीर बलिदानियों के साहस और समर्पण के बल पर किया गया है। देश ने स्वतंत्रता और सुरक्षा की कीमत वीर सपूतों के बलिदान से चुकायी है। शहीद आशीष शर्मा जैसे जवानों का अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि जब हम शहीदों को याद करते हैं और उनके नाम पर रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करते हैं, तो इससे नई पीढ़ी में भी राष्ट्रसेवा और देश की रक्षा के प्रति समर्पण का भाव मजबूत होता है।

मंत्री श्री पटेल ने कहा कि शहीद आशीष शर्मा की स्मृति में निर्मित होने वाला पार्क एवं स्टेडियम केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि उनके बलिदान और गौरव को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम होगा। इसके निर्माण और रखरखाव की जिम्मेदारी हम सभी को मिलकर निभानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि 19 नवंबर को बोहानी ग्राम पंचायत का गौरव दिवस शहीद आशीष शर्मा के नाम पर मनाया जाए। उन्होंने बताया कि मणिनागेन्द्र सिंह फाउंडेशन की ओर से शहीद आशीष शर्मा की प्रतिमा का निर्माण कराया जाएगा तथा आगामी 19 नवंबर 2027 को प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

मंत्री श्री पटेल ने दानवीर चौधरी राघव जी द्वारा दिए गए दान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस धरोहर का संरक्षण और उचित रखरखाव भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से शहीद आशीष शर्मा के जन्मदिवस को प्रेरणादायी आयोजन के रूप में मनाने और उनकी स्मृति में खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहयोग क्रीड़ा मंडल की बैठक में इस संबंध में चर्चा की जाएगी, ताकि आगामी खेल आयोजनों में शहीद श्री आशीष शर्मा की स्मृति को विशेष स्थान दिया जा सके। उन्होंने युवाओं से रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से शहीदों के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की और शहीद आशीष शर्मा को नमन किया।

विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने कहा कि शहीद आशीष शर्मा ऐसे वीर सपूत हैं, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके त्याग से ग्राम बोहानी और पूरे जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व में की गई घोषणा के अनुरूप आज पार्क एवं स्टेडियम निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया है। आगामी वर्ष में इन कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा।

इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री श्री जालम सिंह पटेल, पूर्व विधायक श्री भैयाराम पटेल, श्री रामसनेही पाठक, महंत श्री प्रीतमपुरी गोस्वामी, सरपंच, श्री देवेन्द्र शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।