उपसंचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, सिवनी ने जानकारी देकर बताया कि रानी दुर्गावती श्री अन्न प्रोत्साहन योजना अंतर्गत जिले में कोदो एवं कुटकी के उपार्जन हेतु किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।शासन के निर्देशानुसार जिले में योजना के तहत कोदो एवं कुटकी उपार्जन के लिए पंजीयन प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इसके लिए जिले में कुल 5 पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें सेवा सहकारी समिति छपारा, विपणन समिति लखनादौन, सेवा सहकारी समिति धूमा, सेवा सहकारी समिति घंसौर एवं सेवा सहकारी समिति केदारपुर शामिल हैं।शासन द्वारा कोदो एवं कुटकी का उपार्जन मूल्य निर्धारित करते हुए कोदो का समर्थन मूल्य 2600 रुपये प्रति क्विंटल तथा कुटकी का उपार्जन मूल्य 3600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।उपसंचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, सिवनी द्वारा जिले के समस्त कृषक भाइयों से अपील की गई है कि वे रानी दुर्गावती श्री अन्न प्रोत्साहन योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित पंजीयन केंद्रों पर 25 नवंबर 2026 तक अपना पंजीयन अनिवार्य रूप से कराएं, ताकि उपार्जन प्रक्रिया में शामिल होकर शासन की योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।